दवा लेने निकली महिला का शव गंगा में मिलने से सनसनी, परिजन घंटों करते रहे तलाश

फर्रुखाबाद जनपद के पांचाल घाट गंगा तट पर रविवार को एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंचे गोताखोरों ने शव को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने महिला को तत्काल लोहिया जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल होने के बाद हुई पहचान

महिला की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव की तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित कीं और आसपास के थानों को सूचना भेजी। करीब दो घंटे बाद महिला की बेटी काजल और अन्य परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान मिथिलेश राजपूत (करीब 48 वर्ष) पत्नी वेदराम के रूप में की। बताया गया कि वेदराम डिफेंस सर्विसेज में कार्यरत हैं और वर्तमान में सिलीगुड़ी में तैनात हैं।

दवा लेने गई थीं महिला, सुबह से थीं लापता

परिजनों के मुताबिक मिथिलेश राजपूत पिछले कई दिनों से बीमार चल रही थीं। रविवार सुबह वह दवा लेने के लिए फतेहगढ़ स्थित एक नर्सिंग होम गई थीं, लेकिन उसके बाद घर वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद फतेहगढ़ कोतवाली में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसी दौरान पांचाल घाट गंगा तट पर एक महिला का शव मिलने की सूचना सामने आई।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

पांचाल घाट चौकी इंचार्ज मोहित मिश्रा ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *