जिंदा महिला को कागजों में मृत दिखाया, बंद कर दी वृद्धावस्था पेंशन

फर्रुखाबाद के विकास भवन सभागार में आयोजित किसान दिवस के दौरान एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। राजेपुर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत चिड़िया महोलिया के मजरा बेहटा रेंगापुर निवासी रामकली ने मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ से शिकायत करते हुए कहा कि वह जीवित हैं, लेकिन ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव ने उन्हें कागजों में मृत दर्शाकर उनकी वृद्धावस्था पेंशन बंद करा दी।

रामकली ने बताया कि उन्हें पहले नियमित रूप से वृद्धावस्था पेंशन मिलती थी। उनका पंजीकरण संख्या 313410623321 है। वार्षिक सत्यापन के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर की गई जांच में उन्हें मृत दिखा दिया गया, जिसके बाद उनकी पेंशन रोक दी गई। वृद्धा ने अधिकारियों से जांच कराकर पेंशन दोबारा शुरू कराने की मांग की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को तत्काल जांच के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सत्यापन में लापरवाही बरतने वाले ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ कार्रवाई करने और रामकली की पेंशन पुनः शुरू कराने के आदेश दिए।

इस घटना ने ग्रामीण स्तर पर होने वाले सत्यापन कार्यों की पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अक्सर पेंशन, राशन कार्ड और अन्य सरकारी योजनाओं में गलत सत्यापन के कारण पात्र लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे मामलों में समय पर जांच और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई जरूरी मानी जा रही है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News