कन्नौज में रोटावेटर में फंसकर युवक की दर्दनाक मौत, खेत की जुताई के दौरान हुआ हादसा
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। विशुनगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार शाम खेत की जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। रोटावेटर में फंसने से 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के भोजपुर अमटिया गांव निवासी भंवर सिंह यादव का बेटा अवनीश यादव रविवार को मक्का की बुवाई के लिए अपने खेत की जुताई करवा रहा था। खेत में रुद्रपुर गांव का निवासी संदीप ट्रैक्टर चला रहा था। इसी दौरान अवनीश ट्रैक्टर के पीछे लगे रोटावेटर पर बैठ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जुताई के दौरान अचानक तेज झटका लगने से अवनीश का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे चल रहे रोटावेटर में जा गिरा। जब तक ट्रैक्टर चालक कुछ समझ पाता, तब तक युवक गंभीर रूप से घायल हो चुका था। रोटावेटर में फंसने से उसके शरीर के कई हिस्से अलग हो गए। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से युवक के शव को मशीन से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की और आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि अवनीश पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था और अविवाहित था। परिवार पहले ही एक बेटे को बीमारी के कारण खो चुका है। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






