उत्तर प्रदेश सरकार ने इजराइल में कार्यरत श्रमिकों के लिए जारी की हेल्पलाइन, सुरक्षा पर बढ़ी निगरानी
Share your love

संवाद 24 लखनऊ। पश्चिम एशिया में इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने इजराइल में कार्यरत प्रदेश के श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। सरकार के अनुसार वर्तमान में प्रदेश के कुल 6,004 निर्माण श्रमिक इजराइल की विभिन्न परियोजनाओं में कार्यरत हैं।
बताया गया है कि इन श्रमिकों का चयन वर्ष 2024 में राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) और इजराइल की सरकारी संस्था PIBA के माध्यम से किया गया था। सभी श्रमिक निर्माण क्षेत्र की अलग-अलग कंपनियों में कार्य कर रहे हैं और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रदेश सरकार के श्रम विभाग के अनुसार श्रमिक अपने-अपने कार्यस्थलों पर सुरक्षित हैं। इस बीच भारतीय दूतावास, तेल अवीव ने इजराइल में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षा परामर्श जारी किया है। दूतावास ने नागरिकों को स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है।
प्रदेश के श्रम, सेवायोजन एवं समन्वय मंत्री अनिल राजभर ने श्रमिकों और उनके परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार उनकी सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। वहीं प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन डॉ. एम.के. शन्मुगा सुन्दरम् ने भारत के राजदूत जेपी सिंह से वार्ता कर स्थिति की जानकारी ली, जिसमें दूतावास की ओर से हालात नियंत्रण में होने की सूचना दी गई।
आपात स्थिति में जारी हेल्पलाइन नंबर:
+972-54-7520711
+972-54-2428378
ईमेल: cons1.telaviv@mea.gov.in
प्रदेश सरकार ने श्रमिकों के परिवारों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और आवश्यकता पड़ने पर जारी हेल्पलाइन के माध्यम से संपर्क करें। संवाद 24 की टीम मामले पर निरंतर नजर बनाए हुए है।






