कन्नौज में प्रधानी चुनाव के बीच व्हाट्सएप पोस्ट से विवाद, दलित समाज ने की शिकायत
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। प्रधानी चुनाव को लेकर सोशल मीडिया पर किए गए एक कथित आपत्तिजनक पोस्ट ने विवाद खड़ा कर दिया है। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र की मानीमऊ चौकी अंतर्गत सकरी खुर्द गांव का बताया जा रहा है, जहां एक प्रधान प्रतिनिधि के समर्थक द्वारा व्हाट्सएप स्टेटस पर डाली गई पोस्ट के स्क्रीनशॉट वायरल होने के बाद दलित समाज में रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, सकरी खुर्द गांव निवासी दिनेश कुमार गौतम ने आरोप लगाया है कि प्रधान प्रतिनिधि निर्मल कटियार के एक करीबी व्यक्ति द्वारा व्हाट्सएप स्टेटस पर ऐसा संदेश साझा किया गया, जिसमें विरोध करने या वोट न देने वालों के खिलाफ चुनाव के बाद ‘हिसाब’ करने की बात कही गई थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस पोस्ट से गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की है। उनका आरोप है कि प्रारंभिक स्तर पर पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद शिकायतकर्ता ने आईजीआरएस पोर्टल पर भी प्रकरण दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि चुनाव जैसे संवेदनशील समय में इस प्रकार के संदेश सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाए।
वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जानकारी मिली है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






