खेत में मिली जिंदा नवजात! ठंड से अकड़ी हालत, ग्रामीणों की सूचना पर बची मासूम की जान

संवाद 24 संवाददाता। जनपद के राजेपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव राई के पास सरसों के खेत में एक नवजात बच्ची रोती हुई मिली। खेत पर काम करने पहुंचे ग्रामीणों ने जब शिशु के रोने की आवाज सुनी तो खोजबीन की गई, जिसके बाद फसल के बीच एक नवजात बच्ची जीवित अवस्था में पड़ी मिली। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बच्ची को जिला अस्पताल लोहिया के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

ग्रामीण सिद्धार्थ ने बताया कि वह शनिवार दोपहर अपने खेत पर पहुंचे थे, तभी उन्हें किसी शिशु के रोने की आवाज सुनाई दी। पहले उन्हें लगा कि आसपास किसी घर से आवाज आ रही है, लेकिन ध्यान से सुनने पर आवाज खेत के भीतर से आती प्रतीत हुई। उन्होंने अन्य ग्रामीणों को बुलाया, जिसके बाद सभी लोग सरसों की फसल के बीच पहुंचे और वहां एक नवजात बच्ची को ठंड से कांपते हुए पाया। सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

पुलिस टीम ने बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालकर बिना देरी किए लोहिया अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों के अनुसार बच्ची का जन्म हाल ही में हुआ है। उसका वजन लगभग डेढ़ किलोग्राम है तथा वह समय से पहले जन्मी प्रतीत होती है। चिकित्सकों ने बताया कि खेत में लंबे समय तक पड़े रहने के कारण उसका शरीर काफी ठंडा हो गया था और हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम विशेष निगरानी में उसका उपचार कर रही है।

राजेपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि नवजात मिलने की सूचना डायल-112 पर प्राप्त हुई थी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिशु को अस्पताल में भर्ती कराया है। आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्ची को वहां कौन और किन परिस्थितियों में छोड़ गया।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। ग्रामीणों में जहां एक ओर बच्ची के जीवित मिलने पर राहत है, वहीं उसे खेत में छोड़ने की घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और बच्ची की हालत पर चिकित्सकों की नजर बनी हुई है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News