अपर आयुक्त रेनू सिंह का उमर्दा विकासखंड में औचक निरीक्षण, विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। विकासखंड उमर्दा (तिर्वा) में शुक्रवार को अपर आयुक्त रेनू सिंह ने औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयी अभिलेखों की जांच कर संबंधित अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
सुबह लगभग 11 बजे विकासखंड कार्यालय पहुंचीं अपर आयुक्त ने समाज कल्याण विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) और कृषि विभाग के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। एनआरएलएम से जुड़े कार्यों के संबंध में उन्होंने शेखावत अली से योजनाओं की प्रगति और लाभार्थियों की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
कृषि विभाग के निरीक्षण के दौरान किसानों को वितरित की जा रही बीज सब्सिडी, कृषि यंत्रों पर अनुदान तथा अन्य शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की पड़ताल की गई। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाने के निर्देश दिए।
मनरेगा कार्यों की समीक्षा करते हुए अपर आयुक्त ने प्रवीण कुमार यादव और धीरज गुप्ता से अब तक कराए गए विकास कार्यों का विवरण लिया। प्रस्तुत अभिलेखों एवं कार्य प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विकासखंड परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को संतोषजनक पाया गया। अपर आयुक्त ने खंड विकास अधिकारी श्रीमती सोनिया श्रीवास्तव तथा ब्लॉक प्रमुख अजय वर्मा द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की।
अपर आयुक्त के निजी सचिव सत्यम दुबे ने कार्यालय परिसर में शौचालय, वॉशरूम और पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला विकास अधिकारी, वीडियो पंचायत देवन सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।






