ठठिया विशिष्ट आलू मंडी पहुंचे मंत्री असीम अरुण, व्यापारियों की समस्याओं पर दिया आश्वासन
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार में समाज कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने ठठिया स्थित विशिष्ट आलू मंडी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडी परिसर का जायजा लिया और किसानों व व्यापारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
व्यापारियों ने मंत्री को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपते हुए बताया कि मंडी के बाहर आलू की बिक्री हो रही है, जिससे अधिकृत व्यापार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि इस पर प्रभावी कार्रवाई कर मंडी व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए।
व्यापारियों ने यह भी अवगत कराया कि मंडी परिसर में दुकान संख्या 1 से 60 तक का आवंटन तो कर दिया गया है, लेकिन आवंटन की समय-सीमा संबंधी स्पष्ट प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई है, जिससे असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इसके अतिरिक्त मंडी में बैंक, कैंटीन, पेयजल, बिजली और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
दुकानों के प्रीमियम एवं यूजर चार्ज को एक साथ जमा करने की अनिवार्यता को लेकर भी व्यापारियों ने अपनी कठिनाइयां रखीं और प्रशासन से व्यावहारिक समाधान की अपेक्षा की।
मंत्री असीम अरुण ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों और व्यापारियों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित कराया जाएगा।
इस अवसर पर मंडी सचिव रघुराज प्रताप सिंह, प्रधान लिपिक देवेंद्र कुमार निगम, मंडी प्रभारी आदिल खां, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजन अवस्थी, विनय अवस्थी, सुरजीत यादव, अंकुर कटियार, शैलेन्द्र तिवारी एवं वेद नारायण त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और किसान उपस्थित रहे।






