तिर्वा में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत

संवाद 24 संवाददाता। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के किलोमीटर संख्या 184 के पास हुई, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान जनपद मऊ के मधवन निवासी दिलीप कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दिलीप कुमार शुक्रवार सुबह अपनी बाइक से एक्सप्रेसवे के रास्ते घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे पर तैनात यूपीडा कर्मी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घायल अवस्था में पड़े युवक को एंबुलेंस के जरिए तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस को मृतक के पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी शिनाख्त की गई और परिजनों को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

तिर्वा कोतवाली प्रभारी संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन की तलाश में जुटी है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *