महोबा में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार पिकअप ने पांच महिलाओं को कुचला, तीन की मौत

Share your love

संवाद 24 महोबा। एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना कानपुर-सागर नेशनल हाईवे पर आरटीओ कार्यालय के पास हुई, जहां एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने पैदल जा रही महिलाओं को टक्कर मार दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी महिलाएं शहर के मीरा पैलेस होटल में आयोजित एक शादी समारोह में खाना बनाने का काम कर देर रात अपने घरों की ओर पैदल लौट रही थीं। जैसे ही वे आरटीओ कार्यालय के समीप पहुंचीं, तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में श्यामरानी (40) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं गीता (35) और पूर्व सभासद भागवती (50) ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना में तुलसा और राजकुमारी नाम की दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिनका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फरार वाहन और चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। गांव और मोहल्ले में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News