कन्नौज में फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के खिलाफ प्रदर्शन, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कन्नौज में बुधवार दोपहर फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। युवाओं और अधिवक्ताओं के एक समूह ने तिर्वा क्रासिंग चौराहे पर एकत्र होकर फिल्म के शीर्षक और कथानक पर आपत्ति जताई। प्रदर्शन के उपरांत राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त एसडीएम को सौंपा गया।
प्रदर्शनकारी तिर्वा क्रासिंग स्थित लोहिया प्रतिमा के पास एकत्र हुए। माल्यार्पण के बाद उन्होंने फिल्म के शीर्षक में बदलाव की मांग को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि किसी भी समुदाय विशेष से जुड़े नाम का प्रयोग करते समय सामाजिक संवेदनशीलता का ध्यान रखा जाना चाहिए।
ज्ञापन में ओम ठकुरानी के बैनर तले निर्मित फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के निर्माता संदीप तोमर को शीर्षक बदलने के निर्देश देने की मांग की गई है। साथ ही, फिल्म के कथानक का सामाजिक प्रभाव आंकने के लिए परीक्षण कराए जाने की भी बात कही गई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि परीक्षण में किसी समुदाय की गरिमा प्रभावित होने की पुष्टि होती है, तो आवश्यक संशोधन या प्रतिबंध पर विचार किया जाए।
प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों ने फिल्मों को सेंसर बोर्ड से स्वीकृति मिलने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि ऐसे शीर्षकों और कथानकों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है, इसलिए प्रमाणन से पहले गहन समीक्षा आवश्यक है।
प्रदर्शन के दौरान मोहित यादव, नेम सिंह यादव, रंजीत यादव, दिलीप कुशवाहा, धीरेंद्र सिंह यादव, बृजेश कुमार, पवन श्रीवास्तव, विमल दोहरे, इदरीश खां, रामसिंह यादव, शानू आलम, सुनील यादव और अनूप सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।






