कन्नौज में खाद्य विभाग की सख्त कार्रवाई, मिलावटी व मानक विहीन खाद्य सामग्री नष्ट
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कन्नौज में मिलावटी और मानक विहीन खाद्य पदार्थों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त अभियान चलाया। अलग-अलग स्थानों पर की गई छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त की गई और कुछ उत्पादों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित प्रवर्तन दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राठौर, अरविंद कुमार साहू और मंजरी मिश्रा शामिल रहे। टीम ने सबसे पहले मेहंदीघाट क्षेत्र में हरदोई की ओर से आ रहे पनीर की जांच की। विभाग को इस पनीर में मिलावट की शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
इसके बाद टीम ने उग्गापुरवा गांव स्थित नितिन गुप्ता के किराना स्टोर पर छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान मैदा और सरसों के तेल का नमूना जांच के लिए भरा गया, जबकि लगभग 30 किलो मैदा जब्त कर लिया गया। दुकान में लंबे समय से रखे 20 किलो पैक्ड अचार, करीब एक क्विंटल रंगीन बूंदी तथा 20 किलो पैक्ड नमकीन को कारोबारी की सहमति से नष्ट कराया गया। नष्ट की गई सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 23 हजार रुपये बताया गया है।
इसी क्रम में मियागंज गांव की दुकानों पर भी जांच की गई। यहां शिवम कुशवाहा और अजीत कुमार की दुकानों पर रंगीन कचरी बिक्री के लिए रखी मिली। टीम ने रंगीन कचरी का नमूना जांच के लिए लिया और लगभग 50 किलो कचरी को कारोबारी की सहमति से नष्ट कराया।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि कुल तीन नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों को मिलावटी, रंगीन और दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री से बचने की सख्त चेतावनी दी और कहा कि अभियान निरंतर जारी रहेगा।






