84 दिन में 40,826 उपभोक्ताओं ने कराया पंजीकरण, 33 करोड़ रुपये जमा

संवाद 24 भदोही। जिले में संचालित बिजली बिल राहत योजना अपने अंतिम चरण में है, लेकिन अपेक्षित प्रगति नहीं दिख रही है। योजना की शुरुआत से अब तक 84 दिनों में केवल 40,826 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया है। योजना 28 फरवरी को समाप्त हो जाएगी।

जिले में कुल 1,28,355 उपभोक्ता इस योजना के दायरे में आते हैं। विभागीय आंकड़ों के अनुसार अब तक पंजीकृत उपभोक्ताओं से लगभग 33 करोड़ रुपये का भुगतान प्राप्त हुआ है। अधिकारियों का मानना है कि पात्र उपभोक्ताओं की तुलना में यह संख्या काफी कम है।

योजना को तीन चरणों में लागू किया गया था। पहले चरण में मूल बकाया पर 25 प्रतिशत छूट और 100 प्रतिशत सरचार्ज माफी का प्रावधान था। दूसरे चरण में 20 प्रतिशत छूट के साथ पूर्ण सरचार्ज माफी दी गई। तीसरे और अंतिम चरण में 15 प्रतिशत छूट के साथ 100 प्रतिशत सरचार्ज माफी की व्यवस्था है।

विभागीय आंकड़ों के मुताबिक पात्र उपभोक्ताओं पर कुल 867.10 करोड़ रुपये बकाया है। इसमें से 467.33 करोड़ रुपये केवल सरचार्ज की राशि है। यदि सभी उपभोक्ता योजना के तहत भुगतान करते तो सरचार्ज की पूरी राशि माफ हो सकती थी।

पंजीकरण कराने वालों में 36,536 ऐसे उपभोक्ता शामिल हैं जिन्होंने पहले कभी बिल का भुगतान नहीं किया था। इन ‘नेवर पेड’ उपभोक्ताओं ने करीब सात करोड़ रुपये जमा किए हैं।

विद्युत विभाग की ओर से पंफलेट वितरण, घर-घर संपर्क और प्रचार-प्रसार के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 28 फरवरी से पहले पंजीकरण कर योजना का लाभ उठाएं।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News