ठठिया में दिनदहाड़े लाखों की चोरी, जेवर-नकदी समेट ले गए चोर
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। ठठिया थाना क्षेत्र के पहाड़ीपुर गांव में दिनदहाड़े एक मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ली गई। घटना 21 फरवरी की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पीड़ित राजेंद्र सिंह पुत्र धनीराम ने बताया कि वह 21 फरवरी की सुबह अपने गांव स्थित मकान पर गए थे। दोपहर में भी घर आना-जाना रहा और उस समय सब कुछ सामान्य था। रात में जब वह सोने के लिए पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर रखी अलमारी भी खुली पड़ी थी और सामान बिखरा हुआ था।
पीड़ित के अनुसार, चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और तीन लाख रुपये नकद ले गए। चोरी हुए सामान में दो जोड़ी पायल, एक जोड़ी तोड़िया, एक मंगलसूत्र, एक लर, एक जोड़ी झाले, एक जोड़ी टप्स और दो अंगूठियां शामिल हैं। घटना के कई घंटे बाद चोरी की जानकारी होने पर पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले में लिखित तहरीर ठठिया थाना प्रभारी देवेश कुमार को दी गई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। संदिग्ध गतिविधियों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने शीघ्र खुलासे का भरोसा दिलाया है।
ग्रामीण क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।





