
संवाद 24 संवाददाता। गुरसहायगंज क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब दवा लेने बाहर गई मां-बेटी के घर से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी हो गई। पीड़ित परिवार ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।
घटना गुरसहायगंज के सीमान्त नगर मोहल्ले की है। यहां की निवासी नेहा शर्मा अपनी मां मुन्नी देवी के साथ फर्रुखाबाद दवा लेने गई थीं। बताया गया कि घर के एक कमरे में रखे सूटकेस में करीब तीन लाख रुपये के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद सुरक्षित रखे गए थे।
दवा लेकर जब मां-बेटी वापस घर लौटीं तो सब कुछ सामान्य दिखाई दिया। मुख्य गेट पर ताला लगा था और कमरे की कुंडी भी बंद थी। हालांकि शुक्रवार शाम जब नेहा शर्मा ने सूटकेस खोला तो उसमें रखे जेवरात और नकदी गायब मिले। सूटकेस अपनी जगह पर ही रखा हुआ था, जिससे घटना ने और भी रहस्य पैदा कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी और मामले की तहरीर गुरसहायगंज कोतवाली में दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही संदिग्ध परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।
पीड़िता मुन्नी देवी के अनुसार सूटकेस में उनकी बेटी के लगभग तीन लाख रुपये मूल्य के जेवर और 50 हजार रुपये नकद रखे थे। फिलहाल पुलिस घटना के खुलासे के लिए साक्ष्य जुटाने में लगी है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। क्षेत्रवासियों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है।






