मुजफ्फरनगर में भतीजी की हत्या: नशे की गोलियां देकर परिवार को बेहोश किया, बुआ गिरफ्तार

Share your love

संवाद 24 मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र के बसी कलां गांव में पारिवारिक विवाद ने दिल दहला देने वाली वारदात का रूप ले लिया। मोबाइल पर प्रेमी से बातचीत को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक महिला ने अपनी ही चार वर्षीय भतीजी की हत्या कर दी तथा भाभी सहित कई परिजनों पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार आरोपी माना (24) की शादी तय हो चुकी थी, लेकिन वह गांव के एक युवक से मोबाइल पर बातचीत करती थी। उसकी भाभी फिरदौस उसे इस बात से रोकती थी, जिससे दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने वारदात की योजना बनाई।

घटना वाली रात आरोपी ने परिवार के आठ सदस्यों को चाय में नशे की गोलियां मिलाकर पिला दीं, जिससे अधिकांश लोग बेहोश हो गए। इसके बाद उसने भाभी फिरदौस पर चाकू से हमला कर दिया और चार साल की मासूम इसरा को घर में रखे पानी के टैंक में डालकर ढक्कन बंद कर दिया, जिससे बच्ची की मौत हो गई। हमले में तीन अन्य बच्चे भी घायल हुए, जिनका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला को मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभ में बच्ची के अपहरण की आशंका में तलाश शुरू की गई। बाद में घर के पानी के टैंक से मासूम का शव बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने मौके से नशे की गोलियों का पत्ता भी बरामद किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा अन्य सभी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News