काम के अत्यधिक दबाव से बीएलओ को पड़ा हार्ट अटैक, गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर
Share your love

संवाद 24 बांदा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य के बढ़ते दबाव के बीच बांदा जिले में एक बीएलओ को हार्ट अटैक आने का मामला सामने आया है। प्राथमिक विद्यालय गंछा में तैनात शिक्षामित्र अनीता रावत, जो सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कहला की बीएलओ हैं, अचानक सीने में तेज दर्द होने के बाद गंभीर रूप से बीमार हो गईं। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने ग्वालियर रेफर कर दिया। वर्तमान में उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है।
परिजनों का आरोप है कि विशेष पुनरीक्षण कार्य के लक्ष्य पूरे न होने के कारण संबंधित अधिकारियों द्वारा अनीता रावत पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। बताया गया कि उन्हें अलग-अलग तिथियों में तीन बार कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे तथा बैठकों में भी फटकार लगाई जाती थी, जिससे वे मानसिक तनाव में थीं। परिवार के अनुसार उन्होंने बीमारी और कार्यभार को लेकर बीआरसी कार्यालय में प्रार्थना पत्र भी दिया था, लेकिन कोई राहत नहीं मिली।
इस मामले में प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यदि कर्मचारी की तबीयत खराब थी तो उन्हें औपचारिक रूप से जानकारी देनी चाहिए थी, ताकि आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी कहा कि उन्हें बीमारी से संबंधित कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई थी, अन्यथा नियमों के अनुसार राहत दी जाती।
घटना के बाद शिक्षा विभाग तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े कर्मचारियों में कार्यभार और दबाव को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कर्मचारी संगठनों ने भी ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कार्य परिस्थितियों की समीक्षा किए जाने की मांग उठाई है।






