प्रयागराज में युवक की बेरहमी से हत्या, दोस्त समेत चार पर मुकदमा दर्ज

संवाद 24 प्रयागराज। झूंसी क्षेत्र में 24 वर्षीय युवक कुलदीप बिंद की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना बजहा दौलतपुर गांव की है, जहां सोमवार सुबह युवक का खून से लथपथ शव सड़क किनारे मिलने के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

बताया जा रहा है कि कुलदीप मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था और अपनी छोटी बहन की शादी की तैयारी के लिए पैसे भी जुटा रहा था। परिवार के लोगों के अनुसार रविवार शाम उसका दोस्त मुन्ना उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह उसका शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना की रात कुलदीप और उसके दोस्त के बीच शराब के नशे में पैसों को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान लाठी-डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई और बाद में शव को घर के बाहर सड़क किनारे फेंक दिया गया।

मृतक के पिता की तहरीर पर मुख्य आरोपी मुन्ना उर्फ मुन्ना डॉन सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपितों में से तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *