कन्नौज में बोर्ड परीक्षा की तैयारियां पूर्ण, 96 केंद्रों पर होगी परीक्षा

संवाद 24 संवाददाता। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं जिले में 18 फरवरी से प्रारंभ होंगी। इस वर्ष जनपद के कुल 47,505 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे, जिनके लिए प्रशासन ने जिले भर में 96 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

परीक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक बिनोद कुमार ने तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज सभागार में केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। अधिकारियों ने सभी केंद्रों पर नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को सख्ती से लागू करने पर जोर दिया।

जिला प्रशासन के अनुसार इस वर्ष हाईस्कूल के 25,058 तथा इंटरमीडिएट के 22,447 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा परीक्षा संचालन के दौरान जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

परीक्षाएं 12 मार्च तक दो पालियों में आयोजित होंगी। परीक्षा केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही इस बार केवल सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों को ही केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त किया गया है, जबकि वित्तविहीन विद्यालयों के शिक्षकों को इस जिम्मेदारी से अलग रखा गया है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News