सपा कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन, बंद पड़े कैंसर-हृदय संस्थान चालू करने की उठाई मांग

संवाद 24 संवाददाता। समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज पहुंचकर कैंसर संस्थान और हृदय रोग संस्थान को शीघ्र संचालित किए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया तथा प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं का कहना है कि दोनों संस्थान वर्षों पहले बनकर तैयार हो चुके हैं, लेकिन अब तक उनका संचालन शुरू नहीं हो सका है, जिससे क्षेत्र के मरीजों को अपेक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

सपा प्रतिनिधिमंडल ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सी.पी. पाल को दिए ज्ञापन में कहा कि कन्नौज सहित आसपास के कई जिलों के मरीजों को बेहतर और सुलभ इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन संस्थानों की स्थापना की गई थी। यदि इन्हें शीघ्र चालू किया जाता है तो गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हजारों मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही उपचार मिल सकेगा और उन्हें बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

प्राचार्य डॉ. सी.पी. पाल ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करते हुए बताया कि दोनों संस्थानों को शुरू कराने के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं और जल्द ही संचालन प्रारंभ होने की संभावना है, जिससे मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा।

इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि संस्थानों के संचालन में अनावश्यक देरी हो रही है और इसे जल्द से जल्द समाप्त कर स्वास्थ्य सेवाएं शुरू की जानी चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान अवनीश यादव, सुखेन्द्र यादव, अवनीश पटेल, बिट्टू सिद्दीकी, अशोक अवस्थी, रोहित, रामजी दोहरे, प्रदीप, मेराज खान, शिवमोहन, सौरभ सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *