ग्रेटर नोएडा में कुट्टू का आटा खाने से 100 से अधिक लोग बीमार, अस्पतालों में मची अफरा-तफरी

संवाद 24 ग्रेटर नोएडा। महाशिवरात्रि के अवसर पर व्रत खोलने के बाद कुट्टू के आटे से बने पकवान खाने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की तीन सोसाइटियों में 100 से अधिक लोग बीमार हो गए। बीमारों में बच्चे, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। अधिकांश लोगों को उल्टी-दस्त, पेट दर्द और हाथ-पैर सुन्न होने जैसी शिकायतें हुईं, जिसके बाद उन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार इको विलेज-3, हिमालया प्राइड और रॉयल कोर्ट सोसाइटी के निवासियों ने स्थानीय मार्केट की दुकान से पैक्ड कुट्टू का आटा खरीदा था। रविवार रात व्रत खोलने के बाद लोगों ने इसी आटे से बने पकवान खाए, जिसके कुछ ही घंटों बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। रात बढ़ने के साथ-साथ मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती गई और कई परिवारों के एक-एक साथ कई सदस्य बीमार हो गए।

बीमार लोगों को सेक्टर-3 स्थित निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण आपातकालीन वार्ड के सभी बेड भर गए। स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रशासन को अतिरिक्त बेड लगाने पड़े तथा कुछ मरीजों को आसपास के अन्य अस्पतालों में भी भेजा गया। कई मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि कुछ का इलाज अभी भी जारी है।

घटना की सूचना मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। अधिकारियों ने संबंधित दुकानों से कुट्टू के आटे के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *