
संवाद 24 कानपुर। सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक रिटायर्ड फौजी ने कथित रूप से अपनी लाइसेंसी बंदूक से पत्नी और नाबालिग बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी तथा बाद में रेलवे ट्रैक पर लेटकर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 51 वर्षीय चेतराम पासवान के रूप में हुई है, जो सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद शहर के एक बैंक में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि उसने अपने घर में पहले पत्नी सुनीता वर्मा (40) और 16 वर्षीय बेटे दीप को गोली मारी। पत्नी को सिर में तथा बेटे को सीने में गोली लगने से मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह कठोगर–इमलीपुर रेलवे अंडरपास के पास एक व्यक्ति के ट्रेन से कटकर आत्महत्या करने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने आधार कार्ड और बाइक नंबर के आधार पर मृतक की पहचान चेतराम पासवान के रूप में की। इसके बाद पुलिस जब उसके घर पहुंची तो अंदर पत्नी और बेटे के शव पड़े मिले, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटनास्थल से डबल बैरल लाइसेंसी बंदूक, कारतूस के खोखे और खून से सने कपड़े बरामद हुए हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। पड़ोसियों के अनुसार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, हालांकि हत्या-आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
वहीं मृतक के कुछ परिजनों ने हत्या-आत्महत्या की आशंका पर सवाल उठाते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा फोरेंसिक जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






