कन्नौज में किसान की संदिग्ध मौत पर बवाल, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

संवाद 24 संवाददाता। सौरिख थाना क्षेत्र के नगला वीरभान गांव में एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते समय काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया।

जानकारी के अनुसार नगला वीरभान निवासी 50 वर्षीय किसान चंद्रपाल यादव सोमवार सुबह अपने खेत पर सिंचाई के लिए गए थे। कुछ समय बाद खेत के पास उनका शव मिट्टी से सना हुआ पड़ा मिला। परिजनों को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सौरिख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी। इस दौरान परिजनों, विशेषकर महिलाओं ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस वाहन को घेर लिया और पहले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस और परिजनों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी।

परिजनों का कहना है कि खेत में पानी भर जाने को लेकर विवाद हुआ था और उसी के चलते किसान के साथ मारपीट की गई, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News