आजमगढ़ में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मौत, कई घायल

संवाद 24 आजमगढ़। रविवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। घटनाओं के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पहला हादसा जीयनपुर थाना क्षेत्र के जमसर पेट्रोल पंप के सामने आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर हुआ। जानकारी के अनुसार फरास टोला निवासी कुछ लोग दाह संस्कार में शामिल होकर ऑटो से दोहरीघाट से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में संदीप प्रजापति (30) और छेदी (55) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में चालक सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि चार लोगों को मामूली चोटें आईं।

दूसरा हादसा रौनापार थाना क्षेत्र में हुआ, जहां रोशनगंज गांव निवासी मनोज यादव (34) शनिवार देर शाम बाइक से घर लौट रहे थे। सुदनीपुर के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पहले निजी अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मनोज चार भाइयों में सबसे बड़े थे और उनके परिवार में पत्नी व दो बेटियां हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है और अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसों के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News