औरैया में आवारा कुत्ते का हमला, छात्रा सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल

Share your love

संवाद 24 औरैया। ऐरवाकटरा के समायन गांव में शनिवार दोपहर एक आवारा कुत्ते के हमले में कक्षा आठ की एक छात्रा और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऐरवाकटरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया।

जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय छात्रा श्वेता स्कूल से घर लौट रही थी। रास्ते में गांव के एक घर के पास अचानक एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने छात्रा के सिर और होंठ के पास गंभीर रूप से काट लिया, जिससे गहरे घाव हो गए। छात्रा की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्ते को भगाया।

इसी दौरान कुत्ते ने गांव के ही 30 वर्षीय मनीष कुमार पर भी हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गया। दोनों घायलों को ग्रामीणों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार घाव गहरे होने के कारण पूरी तरह ठीक होने में समय लग सकता है।

घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और कई बार हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए ठोस कार्रवाई की मांग की है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News