
संवाद 24 संवाददाता। तिर्वा स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव राम जी अंबेडकर राजकीय मेडिकल कॉलेज में नवनिर्मित पोस्टमार्टम भवन को जल्द शुरू कराने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को अंबेडकरनगर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं फॉरेंसिक मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. मुकेश यादव ने कॉलेज पहुंचकर भवन का निरीक्षण किया और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पोस्टमार्टम भवन में शवों को सुरक्षित रखने, आगंतुकों के बैठने तथा स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शव विच्छेदन कार्य शुरू होने से पहले भवन की साफ-सफाई, रंग-रोगन और सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
डॉ. मुकेश यादव ने सुझाव दिया कि पोस्टमार्टम के लिए आने वाले शवों को रखने हेतु अलग कक्ष बनाया जाए तथा शव विच्छेदन के बाद शवों को बाहर ले जाने के लिए अलग मार्ग की व्यवस्था हो, जिससे प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके। उन्होंने सुरक्षा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए पोस्टमार्टम हाउस में सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी जोर दिया।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार पोस्टमार्टम भवन को पूरी तरह तैयार करने के बाद जल्द ही यहां शव विच्छेदन कार्य शुरू कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सकीय एवं कानूनी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।






