कन्नौज में 16 फरवरी से शुरू होगा 11 दिवसीय खसरा-रुबैला टीकाकरण अभियान
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। बच्चों को खसरा और रुबैला जैसी संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 11 दिवसीय विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 16 फरवरी से 27 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को एम.आर. (मीजल्स-रुबैला) वैक्सीन की एक खुराक दी जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता ने बताया कि अभियान के दौरान टीकाकरण रविवार और अवकाश दिवसों को छोड़कर सभी कार्य दिवसों में किया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर बच्चों का टीकाकरण करेंगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में खसरा और रुबैला रोग की रोकथाम करते हुए बच्चों को सुरक्षित स्वास्थ्य प्रदान करना है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस अभियान के अंतर्गत कुल 1,06,309 बच्चों को टीकाकरण के लिए लक्षित किया गया है। इनमें 1,459 सरकारी स्कूलों के 67,463 छात्र, 434 निजी विद्यालयों के 37,122 छात्र तथा 49 मदरसों के 1,724 छात्र शामिल हैं। सभी लक्षित बच्चों को एम.आर. वैक्सीन की एक निर्धारित खुराक दी जाएगी।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथियों पर टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि खसरा और रुबैला जैसी गंभीर बीमारियों से बच्चों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।





