खेत पर किसान की संदिग्ध मौत, सिर पर गहरे चोट के निशान हत्या की आशंका

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद जिले के थाना जहांनगंज क्षेत्र के बेहटा गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में आलू खोदने गए एक किसान का शव संदिग्ध हालात में मिला। मृतक की पहचान 45 वर्षीय सुनील वर्मा पुत्र हेतराम वर्मा के रूप में हुई है। घटना से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

सुबह खेत पर गए थे, आधे घंटे बाद मिला शव
परिजनों के अनुसार, सुनील वर्मा रोज की तरह सुबह करीब छह बजे घर से निकले थे। उनका खेत गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर काली नदी किनारे स्थित है, जहां इन दिनों आलू की खुदाई चल रही थी। करीब आधे घंटे बाद उनका छोटा भाई अनिल भी खेत पर पहुंचा।

अनिल ने बताया कि खेत में कुछ आलू खुदे पड़े थे, जिससे प्रतीत होता है कि सुनील ने काम शुरू कर दिया था। लेकिन थोड़ी ही दूरी पर वह अचेत अवस्था में पड़े मिले। पास जाकर देखने पर उनके सिर पर गहरे चोट के निशान दिखाई दिए। जब तक परिवारजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

हत्या की आशंका, पुलिस ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। क्षेत्राधिकारी अमृतपुर और अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने भी मौके का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सिर पर चोट के निशानों के कारण हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Samvad 24 Desk
Samvad 24 Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News