गंगा लिंक एक्सप्रेसवे के सर्किल रेट पर भाकियू कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट में किया हंगामा

संवाद 24 संवाददाता। गंगा लिंक एक्सप्रेसवे के लिए तय किए गए सर्किल रेट में कथित भारी विसंगतियों को लेकर गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। नाराज किसान जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा।

किसानों का आरोप है कि सर्किल रेट तय करने में समान क्षेत्र के गांवों के बीच भारी अंतर रखा गया है। प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बताया कि शहर के नजदीक स्थित हटियापुर गांव में सर्किल रेट एक करोड़ 30 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर निर्धारित किया गया है, जबकि उससे सटे एक अन्य गांव का सर्किल रेट मात्र 21 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर तय किया गया है। किसानों का कहना है कि इतनी बड़ी असमानता से भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रभावित होगी और कई किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।

भाकियू पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सर्किल रेट की विसंगतियों को दूर नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने मांग की कि सभी गांवों के लिए पारदर्शी और समान आधार पर दरें तय की जाएं, ताकि किसी भी किसान के साथ भेदभाव न हो।

प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर विचार कर उचित कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से कहा गया कि सर्किल रेट निर्धारण प्रक्रिया की समीक्षा की जाएगी और यदि कहीं त्रुटि पाई जाती है तो आवश्यक संशोधन किया जाएगा।

Samvad 24 Desk
Samvad 24 Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News