यूपी में 220 नई दुग्ध समितियां गठित होंगी, मथुरा में एक लाख लीटर क्षमता का डेयरी प्लांट बनेगा

Share your love

संवाद 24 लखनऊ। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन और पशुधन विकास को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने बजट 2026–27 में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। सरकार ने दुग्ध समितियों के सुदृढ़ीकरण तथा नई समितियों के गठन पर विशेष जोर देते हुए 220 नई दुग्ध समितियां स्थापित करने का निर्णय लिया है।

दुग्ध संघों को मजबूत करने और निष्क्रिय समितियों को पुनर्जीवित करने की योजना के तहत 220 नई समितियों के गठन तथा 450 समितियों के पुनर्गठन के लिए लगभग 107 करोड़ रुपये की वित्तीय व्यवस्था की गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन, संग्रहण और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

इसी क्रम में मथुरा में प्रस्तावित डेयरी परियोजना की क्षमता बढ़ाते हुए अब एक लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता का आधुनिक डेयरी प्लांट स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना के लिए बजट में 23 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे क्षेत्र में दुग्ध प्रसंस्करण सुविधाओं का विस्तार होगा।

पशुधन संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए निराश्रित गोवंश के रखरखाव के लिए 2000 करोड़ रुपये तथा बड़े गो-संरक्षण केंद्रों की स्थापना के लिए 100 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पशु रोग नियंत्रण योजना, पशु चिकित्सालयों के सुदृढ़ीकरण और पशुधन विकास से जुड़ी अन्य योजनाओं के लिए भी बजट में अलग-अलग प्रावधान किए गए हैं।

सरकार का मानना है कि इन योजनाओं के लागू होने से दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होगी, ग्रामीण रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पशुपालकों की आय में सुधार आएगा।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News