कागजों में निस्तारण, जमीन पर समस्या कायम, कन्नौज में प्रशासनिक लापरवाही का आरोप
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। उमर्दा विकासखंड की बससुइया ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज एक शिकायत के कथित फर्जी निस्तारण का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि समस्या का समाधान किए बिना ही रिपोर्ट लगाकर शिकायत बंद कर दी गई।
जानकारी के अनुसार गांव के निवासी रामप्रकाश ने 29 जनवरी को मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें गांव की नालियों में लंबे समय से जमा गंदगी और सड़कों पर जलभराव की समस्या का उल्लेख किया गया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि कई महीनों से सफाई व्यवस्था ठप होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रामप्रकाश ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत सचिव बाबूलाल गौतम ने समस्या का वास्तविक समाधान किए बिना ही निस्तारण रिपोर्ट अपलोड कर दी। रिपोर्ट में यह उल्लेख किया गया कि सफाईकर्मी उपलब्ध न होने के कारण निजी कर्मचारियों के माध्यम से सफाई करवा दी गई है, जबकि मौके पर स्थिति पहले जैसी ही बनी रही।
शिकायतकर्ता के अनुसार उनके घर में आयोजित कार्यक्रम के कारण उन्होंने स्वयं ट्रैक्टर और मजदूरों की मदद से सफाई करवाई थी। उन्होंने अपने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई है, जिसमें निजी स्तर पर कराई गई सफाई का वीडियो होने का दावा किया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इससे पहले भी कई शिकायतों का निस्तारण बिना समाधान के ही कागजी रिपोर्ट लगाकर कर दिया गया था। वहीं ग्राम पंचायत सचिव ने कहा कि शिकायत का निस्तारण कर दिया गया है और सफाईकर्मियों की व्यवस्था कर सफाई कार्य शीघ्र पूरा कराया जाएगा।
खंड विकास अधिकारी सोनिया श्रीवास्तव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने और तथ्य सामने आने पर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।






