किसानों को अब ऐप से मिलेगी खाद, उर्वरक वितरण में अनियमितताओं पर लगेगा अंकुश
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। तालग्राम क्षेत्र के किसानों को अब उर्वरक प्राप्त करने के लिए बी-पैक्स समितियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। प्रशासन ने उर्वरक वितरण को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए एक नया डिजिटल ऐप सॉफ्टवेयर लागू किया है, जिसे आगामी खरीफ सीजन 2026-27 से प्रभावी कर दिया गया है। अधिकारियों ने किसानों से इस नई व्यवस्था के तहत शीघ्र पंजीकरण कराने की अपील की है।
नई डिजिटल प्रणाली के अनुसार केवल बी-पैक्स समितियों के पंजीकृत सदस्य किसानों को ही ऐप के माध्यम से खाद उपलब्ध कराई जाएगी। किसानों को उनके खेती के रकबे के आधार पर रासायनिक उर्वरक की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, जिससे वितरण में होने वाली अनियमितताओं, कालाबाजारी और शिकायतों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।
प्रशासन ने इस व्यवस्था के सफल संचालन के लिए सभी बी-पैक्स समितियों में सदस्यता अभियान तेज कर दिया है। किसानों से कहा गया है कि वे 30 अप्रैल तक 226 रुपये शुल्क जमा कर अपनी संबंधित समिति की सदस्यता अनिवार्य रूप से ग्रहण कर लें, ताकि भविष्य में उर्वरक प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या न हो।
खंड विकास अधिकारी उमा शंकर साहू ने बताया कि यह पहल किसानों की सुविधा को ध्यान में रखकर शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि नई प्रणाली लागू होने के बाद किसानों को लंबी लाइनों में लगने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और उन्हें ऐप के माध्यम से समय पर उर्वरक उपलब्ध कराया जा सकेगा।






