देवरिया में बेल्ट और डंडों से पिटाई, घायल युवक मेडिकल कॉलेज में भर्ती
Share your love

संवाद 24 देवरिया। पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर कुछ युवकों द्वारा लाठी-डंडों और बेल्ट से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है, जिसमें गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शहर के रामगुलाम टोला निवासी 25 वर्षीय अमित श्रीवास्तव मंगलवार रात करीब 10 बजे विजय टॉकीज क्षेत्र से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया और पुरानी रंजिश को लेकर बेरहमी से मारपीट की। हमलावर युवक को घायल अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। इस बीच मारपीट का वीडियो किसी व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित की मां द्वारा कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है।
देवरिया पुलिस के अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर शीघ्र मुकदमा दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






