गोरखपुर में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में झड़प, 10 लोगों पर मुकदमा

Share your love

संवाद 24 गोरखपुर। गुलरिहा थाना क्षेत्र स्थित बनगाई गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पट्टीदार परिवारों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद के दौरान दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले, जबकि दूसरे पक्ष की महिलाओं द्वारा पानी में मिर्च घोलकर फेंकने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही।

पुलिस के अनुसार, एक पक्ष ने आरोप लगाया कि वह अपनी जमीन पर चहारदीवारी करा रहा था, तभी विरोधी पक्ष के लोग मौके पर पहुंचकर गाली-गलौज करने लगे और मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान महिलाओं और बच्चों के साथ भी दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत दी गई है।

वहीं दूसरे पक्ष ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि विवादित भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ी और झड़प हो गई, जिसमें पानी में मिर्च मिलाकर फेंकने की घटना भी सामने आई।

मामले में दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर गोरखपुर पुलिस ने आठ नामजद और दो अज्ञात व्यक्तियों सहित कुल दस लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News