शादी की खुशियां मातम में बदलीं: विदाई से पहले पिता का निधन
Share your love

संवाद 24 अलीगढ़। एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां दो सगी बहनों की शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। शादी समारोह के दौरान बेटियों के पिता की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार टप्पल क्षेत्र के बैरमगंज निवासी चुरामन शर्मा की दो बेटियों तारा और ममता का विवाह एक ही मंडप में दो सगे भाइयों के साथ संपन्न हो रहा था। जट्टारी स्थित एक मैरिज हॉल में रविवार रात बारात पहुंची और विवाह की सभी रस्में विधि-विधान से पूरी की गईं।
परिवार के लोगों के मुताबिक, मृतक की तबीयत पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं थी, इसके बावजूद वे विवाह की तैयारियों में लगातार लगे रहे। सोमवार सुबह विदाई की तैयारियों के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे मंडप में ही बेसुध होकर गिर पड़े। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद शादी की खुशियां पल भर में शोक में बदल गईं। परिजनों ने भारी मन से बेटियों की विदाई की औपचारिकताएं पूरी कीं। सोमवार को मृतक का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार शामिल हुए।






