दरोगा के बताए जा रहे होटल में अनैतिक धंधा, सात लोग गिरफ्तार

संवाद 24 बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में बड़ा बाइपास स्थित एक होटल में चल रहे देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई में होटल मैनेजर समेत चार युवक और तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है, जबकि होटल संचालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार सीओ हाईवे को होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने होटल पर छापा मारकर कमरों की तलाशी ली, जहां तीन महिलाओं और तीन युवकों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। मौके से होटल का मैनेजर भी गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल किसी दरोगा का बताया जा रहा है, जिसे गजेंद्र सिंह नामक व्यक्ति ने किराये पर ले रखा था। छापेमारी के दौरान संचालक गजेंद्र सिंह फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से सात मोबाइल फोन, नकदी, एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल तथा कुछ आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया गया है।

पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि उन्हें होटल मैनेजर और संचालक द्वारा ग्राहकों के लिए बुलाया जाता था और प्रति ग्राहक पांच सौ से दो हजार रुपये तक वसूले जाते थे। इसमें से एक हिस्सा कमीशन के रूप में मैनेजर रखता था।

उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि मामले में फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और पूछताछ के आधार पर अन्य संबंधित लोगों के नाम भी बढ़ाए जा सकते हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News