फर्जी आईबी डिप्टी डायरेक्टर बनकर तीन साल तक करता रहा उगाही, बिजनौर से गिरफ्तार
Share your love

संवाद 24 बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) का डिप्टी डायरेक्टर बताकर अधिकारियों पर दबाव बनाकर काम कराने और उगाही करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मेरठ एसटीएफ की टीम ने धामपुर क्षेत्र से आरोपी मनोज चौहान को पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले लगभग तीन वर्षों से यूपी, उत्तराखंड और दिल्ली के कई सरकारी अधिकारियों को फोन और मैसेज के माध्यम से खुद को आईबी अधिकारी बताकर सिफारिशें करता था। कई मामलों में उसने अधिकारियों को धमकाकर काम भी कराए और लोगों से धन उगाही की।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पुलिस, प्रशासन, शिक्षा और अन्य विभागों के अधिकारियों से संपर्क कर अपने प्रभाव का रौब जमाया। कई पीड़ित अब मामले के सामने आने के बाद शिकायत लेकर आगे आ रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि उसने कुछ अधिकारियों से सीधे पैसे भी लिए।
आरोपी ने अपने पास एक फर्जी पहचान पत्र बनवा रखा था, जिसके आधार पर वह खुद को उच्च अधिकारी बताता था। पुलिस को उसके मोबाइल फोन और दस्तावेजों से कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर उसके संपर्कों और गतिविधियों की जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि आरोपी के संपर्क अन्य राज्यों और दिल्ली तक हो सकते हैं। पुलिस और एसटीएफ की टीमें उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने किन-किन स्थानों पर ठगी या दबाव बनाकर काम कराए।






