कन्नौज बार एसोसिएशन चुनाव: रामेंद्र त्रिवेदी बने अध्यक्ष, 26 मतों से जीत

संवाद 24 संवाददाता। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में मंगलवार को आयोजित कन्नौज बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। सुबह लगभग 10 बजे शुरू हुआ मतदान दोपहर करीब तीन बजे तक चला, जिसमें एसोसिएशन में पंजीकृत कुल 963 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

अध्यक्ष पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में रामेंद्र त्रिवेदी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी फहीम जमां खां को 26 मतों से पराजित किया। रामेंद्र त्रिवेदी को 336 मत प्राप्त हुए, जबकि फहीम जमां खां को 310 वोट मिले।

कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर हुए चुनाव में मोहम्मद अदील खां को 363 मत तथा सुशील कुमार को 397 मत प्राप्त हुए और दोनों प्रत्याशी विजयी घोषित किए गए। इस पद के अन्य प्रत्याशी रफाकत को 176 वोट मिले।

महासचिव पद पर राम खिलावन यादव ने 303 मत हासिल कर अपने प्रतिद्वंद्वी सुभाषचंद्र पाल को 179 मतों के बड़े अंतर से हराया। वहीं कोषाध्यक्ष पद के चुनाव में अमित कुमार यादव ने 312 वोट प्राप्त कर विमल दुबे को 25 मतों से पराजित किया।

सह सचिव (पुस्तकालय) पद पर संजय दुबे ने 374 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि शान आलम को 233 वोट मिले। इस प्रकार संजय दुबे ने 141 मतों के अंतर से विजय हासिल की।

चुनाव समिति के सदस्यों अशोक चंद्र जैन, कमालुद्दीन खां, अनिल कुमार द्विवेदी, श्यामसिंह वर्मा, छोटेलाल, राकेश कुमार यादव और कमल किशोर आडवानी ने सभी पदों के परिणामों की औपचारिक घोषणा की। परिणाम घोषित होने के बाद अधिवक्ताओं ने विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी और खुशी का इजहार किया।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News