फर्रुखाबाद: नो-एंट्री में घुसा ई-रिक्शा, बीच सड़क होमगार्ड–चालक में झड़प, वीडियो वायरल
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। शहर में शुक्रवार शाम नो-एंट्री जोन में ई-रिक्शा घुसने को लेकर विवाद हो गया। स्टेट बैंक वाली गली में हुई इस घटना में ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड और ई-रिक्शा चालक के बीच तीखी नोकझोंक के बाद हाथापाई हो गई। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे मामला चर्चा में आ गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रेलवे रोड की ओर से इस गली में ई-रिक्शा का प्रवेश प्रतिबंधित है। शाम के समय एक ई-रिक्शा चालक यात्रियों को लेकर अचानक नो-एंट्री जोन में दाखिल हो गया। मौके पर मौजूद होमगार्ड ने उसे रोकने का प्रयास किया और आवाज लगाई, लेकिन चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। स्थिति बिगड़ती देख होमगार्ड ई-रिक्शा के पीछे लटक गया।
इस दौरान होमगार्ड ने ई-रिक्शा की चाबी निकालने की कोशिश की, जिस पर चालक और होमगार्ड के बीच छीना-झपटी शुरू हो गई। कुछ ही देर में होमगार्ड ने चाबी निकाल ली और चालक की पिटाई कर दी। पिटाई के बाद चालक ई-रिक्शा छोड़कर नीचे उतर आया। घटनास्थल पर देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। इसके बाद होमगार्ड ने ई-रिक्शा को पीछे कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल, वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। नो-एंट्री नियमों के उल्लंघन और ड्यूटी के दौरान कथित मारपीट को लेकर दोनों पक्षों की भूमिका की जांच की जा सकती है। पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।






