राज्य मंत्री असीम अरुण ने किया बी-पैक्स समिति का शुभारंभ, खाद-बीज की आपूर्ति होगी मजबूत
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कन्नौज जिले के छिबरामऊ क्षेत्र के प्रेमपुर गांव में गुरुवार को बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति (बी-पैक्स) का उद्घाटन किया गया। प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने फीता काटकर समिति का शुभारंभ किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री असीम अरुण ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को गांव स्तर पर ही आवश्यक कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि बी-पैक्स समितियां खाद, बीज और अन्य कृषि संसाधनों की मजबूत आपूर्ति व्यवस्था तैयार करेंगी, जिससे किसानों को समय पर संसाधन मिल सकेंगे।
समिति अध्यक्ष रामबाक्श लोधी और सचिव बृजेश कुमार यादव ने बताया कि इस वर्ष खाद आपूर्ति में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। पिछले वर्ष जहां समिति को लगभग 32 हजार बोरी खाद प्राप्त हुई थी, वहीं इस वर्ष 42,924 बोरी खाद उपलब्ध कराई गई है, जिससे किसानों को खेती के दौरान किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी।
जनप्रतिनिधियों ने इस पहल को किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की कृषि व्यवस्था और मजबूत होगी। कार्यक्रम में छिबरामऊ विधायक अर्चना पांडेय, तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत, फतेहगढ़ जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष कुलदीप गंगवार, पीसीएफ लखनऊ निदेशक आनंद किशोर द्विवेदी, भाजपा जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
किसानों और ग्रामीणों ने समिति के शुभारंभ पर सरकार तथा समिति प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि इससे उन्हें कृषि कार्यों में समय पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध होंगे।






