कन्नौज में दीवारों के सहारे टिके टूटे बिजली खंभे, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। शहर के कई मोहल्लों में बिजली व्यवस्था गंभीर खतरे की स्थिति में पहुंच गई है। जगह-जगह टूटे और जर्जर बिजली खंभे मकानों की दीवारों के सहारे टिके हुए हैं, जिनसे महीनों से निर्बाध बिजली आपूर्ति की जा रही है। यह स्थिति कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
शहर के बुधवारी मोहल्ले में स्टेट बैंक के पास एक लोहे का बिजली खंभा नीचे से टूट चुका है, जो तारों सहित पास की दीवार पर टिका हुआ है। इस कारण लोडर और बड़े वाहनों का आवागमन मुश्किल हो गया है। इसी रास्ते से एसडी गर्ल्स इंटर कॉलेज, केके इंटर कॉलेज और रोटरी क्लब स्कूल के छात्र-छात्राएं प्रतिदिन आते-जाते हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता बनी हुई है।
इसी तरह नखासा मोहल्ले में चौक के पास दो बिजली खंभे टूटे हुए हैं। ये खंभे भी आसपास के मकानों की दीवारों के सहारे खड़े हैं और इन्हीं के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे न केवल मकानों को नुकसान पहुंचने का खतरा है, बल्कि राहगीरों की जान भी हर समय जोखिम में बनी रहती है।
बुधवारी मोहल्ला निवासी आकाश वैश्य और नखासा मोहल्ला निवासी रामजी मिश्रा ने बताया कि उन्होंने कई बार इस समस्या की शिकायत बिजली विभाग के अधिकारियों और लाइनमैन से की है। इसके बावजूद न तो खंभों को बदला गया और न ही कोई ठोस मरम्मत कराई गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश या तेज हवा चलने पर एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है, जिससे आमजन को परेशानी उठानी पड़ती है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इन जर्जर बिजली खंभों को नहीं बदला गया तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने मांग की है कि बिजली विभाग तत्काल संज्ञान लेकर खतरनाक स्थिति में खड़े बिजली खंभों को हटवाए और नए खंभे लगाकर सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करे।






