गाजियाबाद में तीन नाबालिग बहनों की सामूहिक आत्महत्या, ऑनलाइन गेमिंग की लत से जुड़ा मामला

संवाद 24 गाजियाबाद। साहिबाबाद क्षेत्र में तीन नाबालिग बहनों की सामूहिक आत्महत्या का हृदयविदारक मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में इस घटना को ऑनलाइन गेमिंग की लत और मोबाइल फोन छिने जाने से उपजे मानसिक दबाव से जोड़कर देखा जा रहा है। घटना ने न केवल परिजनों, बल्कि पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस के अनुसार साहिबाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित भारत सिटी सोसायटी में रहने वाली तीन बहनें—निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12)—ने मंगलवार देर रात कथित तौर पर नौवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस को किशोरियों के कमरे से एक पॉकेट डायरी मिली है, जिसमें आठ पन्नों का सुसाइड नोट लिखा हुआ है। नोट में बेटियों ने अपने पिता से माफी मांगते हुए भावनात्मक बातें लिखी हैं। पुलिस का कहना है कि नोट की भाषा और भावनाओं से यह स्पष्ट होता है कि तीनों बच्चियां लंबे समय से मानसिक तनाव में थीं।

पिता चेतन कुमार ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटियां मोबाइल फोन और ऑनलाइन कोरियाई लव गेम की गंभीर लत का शिकार थीं। वह रोजाना घंटों तक गेम खेलती थीं और खुद को कोरियाई नामों से संबोधित करने लगी थीं। तीन दिन पहले उन्होंने बेटियों से मोबाइल फोन छीन लिए थे, जिससे वे काफी आहत थीं और छिपकर मोबाइल का इस्तेमाल कर रही थीं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों बहनें पिछले करीब दो वर्षों से नियमित रूप से स्कूल नहीं जा रही थीं। परिवार का कहना है कि वे बच्चों को समझाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई।

घटना के बाद गाजियाबाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सुसाइड नोट, मोबाइल डेटा, गेमिंग गतिविधियों और पारिवारिक परिस्थितियों के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि यह मामला बच्चों में बढ़ती ऑनलाइन गेमिंग की लत और उससे उत्पन्न मानसिक दबाव की गंभीर चेतावनी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *