कानपुर में पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल, विपिन टाडा और संकल्प शर्मा बने नए जेसीपी

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर नगर में पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव करते हुए शासन ने बुधवार देर रात संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) स्तर पर अहम तबादले किए। लंबे समय से अपराध एवं मुख्यालय का कार्यभार संभाल रहे संयुक्त पुलिस आयुक्त विनोद कुमार सिंह का तबादला कर उन्हें भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी, मुरादाबाद का पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया गया है।

विनोद कुमार सिंह के स्थानांतरण के बाद कानपुर में जेसीपी पदों पर नई नियुक्तियों की आवश्यकता थी। इससे पहले संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था आशुतोष कुमार को एडीजी रैंक में पदोन्नति मिलने के बाद पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड भेजा जा चुका है। हालांकि नई तैनाती न होने के कारण वे फिलहाल कानपुर में ही अपना कार्यभार संभाले हुए हैं।

इसी क्रम में शासन ने लखीमपुर खीरी के पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा और मेरठ के पुलिस अधीक्षक विपिन टाडा को कानपुर नगर का नया संयुक्त पुलिस आयुक्त नियुक्त किया है। दोनों अधिकारियों को तेज-तर्रार, अनुशासनप्रिय और फील्ड में प्रभावी प्रशासन के लिए जाना जाता है। उनकी नियुक्ति से कानपुर की कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही दोनों नए जेसीपी अपने-अपने प्रभार संभाल लेंगे। शहर में बढ़ती आबादी, यातायात दबाव और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों के बीच यह बदलाव काफी अहम माना जा रहा है। पुलिस महकमे के इस प्रशासनिक फेरबदल से कानपुर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में सकारात्मक असर पड़ने की संभावना है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News