लखनऊ-कानपुर राजमार्ग पर भीषण हादसा, ट्रकों की टक्कर में पति-पत्नी और दो मासूमों की मौत

संवाद 24 उन्नाव।लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उन्नाव जनपद के सोहरामऊ थाना क्षेत्र में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा दो ट्रकों की आपसी टक्कर के बाद हुआ, जिसमें अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया।

घटना भल्ला फार्म तिराहे के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार लखनऊ की ओर से आ रहे एक ट्रक ने सड़क पार कर रहे दूसरे ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह कानपुर की ओर जा रहे बाइक सवार परिवार से टकरा गया। अचानक हुए हादसे में बाइक सवारों को संभलने का मौका नहीं मिला।

हादसे में अजगैन थाना क्षेत्र के निवासी 32 वर्षीय वीरेंद्र, उनकी पत्नी नीतू, 9 वर्षीय बेटी अनुराधा और 6 वर्षीय बेटा रुद्र की मौत हो गई। सूचना मिलने पर सोहरामऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हादसे की सूचना पर क्षेत्राधिकारी हसनगंज भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों ट्रकों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
हसनगंज क्षेत्राधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि यह दुर्घटना ट्रकों की टक्कर के कारण हुई, जिसमें एक ट्रक बाइक सवार परिवार को चपेट में ले गया। मृतकों की शिनाख्त कर ली गई है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *