रेलवे स्टेशन पर असावधानी बनी काल, फर्रुखाबाद में महिला की ट्रेन से कटकर मौत
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जनपद के कमालगंज थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसे में महिला की मौत हो गई। कतरौली पट्टी निवासी रेनू देवी की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मृत्यु हो गई। यह दुर्घटना खुदागंज रेलवे स्टेशन परिसर में उस समय हुई, जब वह पटरी पार कर रही थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेनू देवी पैसेंजर ट्रेन से लखनऊ दवा लेने के लिए रवाना होने वाली थीं। स्टेशन पर ट्रेन बदलने अथवा प्लेटफॉर्म पार करने के दौरान अचानक एक तेज रफ्तार एक्सप्रेस ट्रेन आ गई, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
मृतका रेनू देवी पूर्व सैनिक विजय सिंह चौहान की पत्नी थीं। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित किया। खुदागंज चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय पुलिस चौकी से भी सिपाही जांच-पड़ताल के लिए भेजे गए हैं।
पुलिस के अनुसार, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा असावधानीवश पटरी पार करने के दौरान होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे स्टेशन पर निर्धारित मार्गों और फुटओवर ब्रिज का ही उपयोग करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सका।






