घरों में घुसा पानी, सड़क काटकर कराई गई निकासी; नाला जाम होने से बिगड़े हालात
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। नगर पालिका क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पक्के पुल से गुदड़ी मार्ग होते हुए मछरेहटा की ओर जाने वाला नाला खड़ियाई के पास जाम हो गया। नाले का पानी उफनाकर सड़क पर फैल गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। जलभराव इतना अधिक था कि आसपास के कई मकानों में पानी घुस गया और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थिति की सूचना मिलते ही नगर पालिका के अवर अभियंता भीम सिंह जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचे। हालात की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सड़क को कटवाकर नाले के पानी की निकासी कराई गई। इस अस्थायी व्यवस्था के बाद धीरे-धीरे जलभराव में कमी आई और लोगों को कुछ राहत मिली।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका क्षेत्र में कई स्थानों पर नालों के जाल टूटे हुए हैं। इससे न केवल दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है, बल्कि कूड़ा-कचरा नालों में फंसकर बार-बार जलभराव की स्थिति पैदा कर देता है। लोगों का आरोप है कि इन समस्याओं को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
अवर अभियंता भीम सिंह ने बताया कि नाला पूरी तरह से अवरुद्ध हो चुका था। प्रारंभिक जांच में नाले के भीतर कपड़े, रजाई, प्लास्टिक और अन्य कूड़ा-कचरा फंसा मिला, जिसके कारण पानी की निकासी रुक गई थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही नाले की खुदाई कराकर उसकी पूरी तरह से सफाई कराई जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो।
घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और टूटे हुए जालों को शीघ्र दुरुस्त कराया जाए। उनका कहना है कि समय रहते ठोस कदम उठाए गए तो जलभराव जैसी विकट स्थिति से क्षेत्र को स्थायी राहत मिल सकती है।






