कन्नौज में शिवपाल सिंह यादव का जोरदार स्वागत, ठठिया मंडी के पास रुका काफिला
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव का बुधवार शाम कन्नौज पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इटावा से लखनऊ जाते समय उनका काफिला ठठिया क्षेत्र स्थित विशिष्ट आलू मंडी के सामने एक्सप्रेस-वे पर कुछ देर के लिए रुका, जहां पहले से मौजूद सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
इस दौरान शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों को लेकर एकजुट होकर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही समाजवादी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं को पूरी ऊर्जा के साथ मैदान में उतरना होगा।
उन्होंने मतदाता सूची से जुड़े एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान पर भी चर्चा की। शिवपाल यादव ने कहा कि यदि किसी मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाने की कोशिश की जा रही है या फॉर्म-7 का दुरुपयोग किया जा रहा है, तो इसकी तुरंत शिकायत संबंधित अधिकारियों से की जाए।
शिवपाल सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि गलत तरीके से फॉर्म-7 भरने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। समाजवादी पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेश यादव, सुरजीत यादव, प्रशांत पाण्डेय, बऊआ यादव सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। काफिले के रुकने से कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर हलचल का माहौल बना रहा, हालांकि बाद में काफिला अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गया।






