देरी से आने पर छात्रों की पिटाई का आरोप, निजी कॉलेज में बवाल तोड़फोड़ के बाद भारी पुलिस फोर्स तैनात

संवाद 24 संवाददाता। मंधना स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कॉलेज फैकल्टी और गार्डों पर देरी से पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं की पिटाई करने का गंभीर आरोप लगा। घटना के बाद आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए। जानकारी के अनुसार, सुबह कॉलेज पहुंचने में देर होने पर करीब आधा दर्जन छात्र-छात्राओं को फैकल्टी और सुरक्षा गार्डों ने कथित तौर पर रोका और उनके साथ मारपीट की। इस घटना की खबर फैलते ही विभिन्न विभागों के छात्र एकजुट हो गए और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने “वी वांट जस्टिस” जैसे नारे लगाए और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।

आक्रोश के बीच कुछ छात्रों ने कॉलेज परिसर में कांच की खिड़कियों को तोड़ दिया, जिससे संपत्ति को नुकसान पहुंचा। स्थिति बिगड़ती देख कॉलेज प्रशासन ने एहतियातन सभी कक्षाएं बंद कर दीं। घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर और बिठूर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया।

एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और छात्रों से संवाद कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने कॉलेज परिसर में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। छात्रों के आरोपों और कॉलेज प्रशासन के पक्ष को सुनने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। वहीं, छात्रों की मांग है कि दोषी फैकल्टी और गार्डों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।

घटना ने एक बार फिर शैक्षणिक संस्थानों में अनुशासन और संवाद के तरीकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां किसी भी स्थिति में हिंसा को समाधान नहीं माना जा सकता।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *