दीपिका हत्याकांड नशे और हिंसा का क्रूर सच, मां की मौत से अनजान तीन साल का रुद्र

संवाद 24 संवाददाता। पनकी थाना क्षेत्र के रतनपुर रामगंगा एंक्लेव स्थित फ्लैट में 26 वर्षीय दीपिका सैनी की हत्या के मामले ने रिश्तों के भीतर छिपी हिंसा और क्रूरता को एक बार फिर उजागर कर दिया है। पुलिस जांच में दीपिका के पति सौरभ दुबे उर्फ शोएब पर गंभीर आरोप सामने आए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है, जबकि शरीर पर कई चोटों के निशान मिले हैं। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचीं दीपिका की मां चित्रा सैनी और बुआ पुष्पा ने बताया कि सौरभ हत्या के बाद दीपिका और अपना मोबाइल तोड़कर फरार हो गया। तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमॉर्टम में दीपिका के शरीर पर आठ से दस चोटों के निशान पाए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिसरा सुरक्षित रखा गया है।

पहले भी तीन शादियां, हिंसा की वजह से टूटा हर रिश्ता
पुलिस के अनुसार, सौरभ पहले भी तीन शादियां कर चुका था। नशे की लत और घरेलू हिंसा के चलते उसकी पूर्व पत्नियां उसे छोड़कर चली गई थीं। दीपिका उसकी चौथी पत्नी थी। मृतका की मां का आरोप है कि सौरभ अपनी पिछली पत्नी नूरी के साथ भी बेरहमी से मारपीट करता था, जिससे वह अपनी तीन बेटियों के साथ घर छोड़कर चली गई थी।

सोशल मीडिया से शुरू हुआ रिश्ता
दीपिका की पहली शादी वर्ष 2018 में हरदोई निवासी खालिद खान से हुई थी, जिनकी बाद में मुंबई में एक हादसे में मृत्यु हो गई। इसके बाद दीपिका अपने दोनों बेटों—अनिरुद्ध और रुद्र के पालन-पोषण के लिए दादानगर की एक फैक्टरी में काम करने लगी थी। अक्तूबर 2025 में फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए उसकी सौरभ से पहचान हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। परिजनों के अनुसार, सौरभ ने बच्चों को अपनाने का आश्वासन दिया था, लेकिन व्यवहार में लगातार विवाद और प्रताड़ना होती रही। बड़े बेटे अनिरुद्ध ने मां के साथ रहने से इनकार कर दिया और वह ननिहाल में रहने लगा, जबकि छोटा बेटा रुद्र दीपिका के साथ था।

दीपिका सांस नहीं ले रही
सोमवार को सौरभ ने दीपिका की मां को फोन कर कहा कि दीपिका सांस नहीं ले रही है, जल्दी आ जाइए। जब परिजन फ्लैट पहुंचे, तो दीपिका का तीन साल का बेटा रुद्र रो रहा था और सौरभ बाहर बैठा मिला, जो कुछ देर बाद फरार हो गया। पड़ोसियों ने भी दीपिका को अस्पताल ले जाने की बात कही, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

मां की मौत से अनजान मासूम
पोस्टमॉर्टम हाउस में दीपिका का छोटा बेटा रुद्र अपनी नानी के साथ मौजूद रहा। वह मां की मौत से पूरी तरह अनजान मोबाइल पर वीडियो देखता रहा और बार-बार पूछता रहा नानी, आप क्यों रो रही हो यह दृश्य वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम कर गया।

तीन टीमें तलाश में जुटीं
पनकी थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि आरोपी सौरभ की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। डीसीपी पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की तीन टीमें आरोपी की तलाश में लगातार काम कर रही हैं।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News