ताला तोड़कर सेल्समैन के घर में घुसे चोर, दो घंटे में उड़ाए पांच लाख के जेवर पुलिस जांच में जुटी

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर के शुक्लागंज क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला कोतवाली गंगा घाट के पश्चिमी चौकी क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला चंपा पुरवा स्थित मनसुख खेड़ा का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक सेल्समैन के घर को निशाना बनाते हुए करीब पांच लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। मनसुख खेड़ा निवासी जयकुमार ठाकुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार शाम करीब छह बजे उनकी पत्नी उषा घर में ताला बंद कर अपने मायके मिश्रा कॉलोनी चली गई थीं। रात लगभग आठ बजे जब वह वापस लौटीं, तो मुख्य गेट का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए।

घर के अंदर जाने पर सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी के लॉकर का ताला भी टूटा हुआ था, जिसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। पीड़ित के अनुसार चोरी गए जेवरों की कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी जा रही है। परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी पूजा कानपुर में नौकरी करती है, जबकि बेटा कृष्ण कुमार दिल्ली में रहता है। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके का मुआयना किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरों की गतिविधियां कैद होने की पुष्टि हुई है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है।

कोतवाली पुलिस के अनुसार पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया जाएगा। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दिनदहाड़े और कम समय में हुई इस चोरी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News